गाँव उमरैण में स्कूल की सफलता परेड ने बटोरी सबकी सराहना, नए सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश शुरू
ग्राम पंचायत उमरैण में आज एक अद्भुत और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला जब राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय उमरैण ने अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए पूरे गाँव में एक “ सफलता परेड” का आयोजन किया। परेड से पूर्व बोर्ड परीक्षाओं में कक्षा 10 एवं 12 में विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों और छात्राओं का सम्मान किया गया इसके पश्चात उन्हें खुली जीप (ओपन जिप्सी) में बैठाकर पूरे गाँव का भ्रमण करवाया गया। गाँव की गलियाँ छात्रों की मुस्कुराहटों और गाँववासियों की तालियों से गूंज उठीं। परेड का उद्देश्य स्कूल की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद की उपलब्धियों को गाँववासियों के सामने प्रस्तुत करना था। शिक्षकों ने गाँव के चौपाल पर एक सभा में स्कूल की उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उनके छात्र ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं व प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। गाँव के बुजुर्गों, माताओं और युवाओं ने परेड को बड़े उत्साह से देखा और स्कूल के शिक्षकों तथा विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत की सराहना की। एक बुजुर्ग ग्रामीण ने क...